दूधी में शोक की लहर ; 2 लोगों की हुई आकस्मित मृत्यु
- Sonebhadra Times
- Feb 28
- 2 min read
Updated: Mar 2
दुद्धी, सोनभद्र। नगर पंचायत दुद्धी में शुक्रवार को दो अलग-अलग घटनाओं में दो व्यक्तियों की आकस्मिक मृत्यु हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों में एक फुटबॉल रेफरी और एक अन्य स्थानीय नागरिक शामिल हैं।

नगर पंचायत के वार्ड 6 निवासी और फुटबॉल के जाने-माने रेफरी मोनू खान (45) पुत्र स्वर्गीय समरुल्ला खान का शुक्रवार तड़के निधन हो गया। मोनू खान एक कुशल फुटबॉल खिलाड़ी थे और मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स एकेडमी से जुड़े हुए थे। वे खेल आयोजनों में रेफरी की भूमिका निभाते थे और खिलाड़ियों को मार्गदर्शन देते थे।
उनके अचानक निधन से खेल जगत में शोक व्याप्त हो गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. शाह आलम ने उनके निधन की पुष्टि की। शोक के कारण खिलाड़ियों ने शुक्रवार का अभ्यास सत्र रद्द कर दिया और मृतक को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसी दिन नगर के वार्ड 2 निवासी प्रकाश उर्फ भग्गड़ पनिका (65) पुत्र बीरबल का भी अचानक निधन हो गया। प्रकाश पनिका काशीराम आवास योजना के तहत बने मकान में रहते थे और कुछ दिनों से अस्वस्थ थे। शुक्रवार सुबह उनका निधन रामलीला खेल मैदान स्थित मंच पर हुआ।
प्रशासन ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रकाश पनिका का अंतिम संस्कार कनहर ठेमा नदी संगम तट पर किया गया, जबकि मोनू खान को कर्बला में सुपुर्द-ए-ख़ाक किया जाएगा।
इस दुःखद घटना की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली दुद्धी मनोज सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन, पूर्व अध्यक्ष कमल कानू, शिव शंकर गुप्ता एडवोकेट, विष्णुकांत तिवारी एडवोकेट, मोजीब खान, जितेंद्र चंद्रवंशी, इब्राहिम खान सहित अन्य गणमान्य लोग मौके पर पहुंचे और शोक संतप्त परिवारों को सांत्वना दी।











































































































































































































Comments